शहरी निकाय के चुनावों का शेडयूल जारी होते ही जिला चंबा में सियासी हलचल भी तेज हो गई। भाजपा व कांग्रेस दोनों ने ही चुनावी रण में जीत हासिल करने के लिए...
शहरों में बजा चुनावी बिगुल…चंबा में बढ़ी सियासी हलचल
शहरी निकाय के चुनावों का शेडयूल जारी होते ही जिला चंबा में सियासी हलचल भी तेज हो गई। भाजपा व कांग्रेस दोनों ने ही चुनावी रण में जीत हासिल करने के लिए रणनीति तैयार करना आरंभ कर दिया है। कांग्रेस जहां चंबा जिला की चंबा व डलहौजी नगर परिषद और नगर पंचायत चुवाड़ी में सत्ता वापिस पाने वहीं भाजपा अपना प्रभुत्व बरकरार रखने की रणनीति के तहत कार्य कर रही है। हालांकि चुनावी समर में दोनों ही दलों से हरेक वार्ड में समर्थित उम्मीदवारों की संख्या से एक से अधिक होने के चलते डैमेज कंट्रोल सबसे बड़ी चुनौती रहेगी। इस बार नगर परिषद चंबा के चुनाव सदर विधायक नीरज नैयर और नगर पंचायत चुवाड़ी के चुनाव में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया की साख दांव पर रहेगी। नगर परिषद डलहौजी में यह काम पूर्व मंत्री आशा कुमारी के जिम्मे है।
मंगलवार को राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी चुनावी शेडयूल के मुताबिक चंबा जिला के नगर परिषद चंबा की ग्यारह व डलहौजी की नौ और नगर पंचायत चुवाड़ी की सात सीटों के लिए 17 मई को मतदान होगा। चुनावी नतीजे भी इसी दिन शाम को घोषित किए जाएंगें। उल्लेखनीय है कि ग्यारह वार्डों वाली नगर परिषद चंबा के इस बार छह वार्ड महिला उम्मीदवारों के लिए आरक्षित किए गए है। इनमें जनसाली, सुराड़ा, चौगान, हरदासपुरा व सुल्तानपुर अनुसूचित जनजाति महिला और जुलाहकड़ी अनुसूचित जाति महिला से संबंधित महिला के लिए आरक्षित हुआ है। कसाकड़ा वार्ड अनुसूचित जनजाति के उम्मीदवार के लिए आरक्षित है। चौंतड़ा व धड़ोग व सपड़ी वार्ड ओपन है। हटनाला वार्ड अनुसूचित पुरूष वर्ग के लिए आरक्षित है।
त्रिमथ वार्ड इस बार ओपन
नगर पंचायत चुवाड़ी के सात वार्डों में कुठेड़, कस्बा चुवाड़ी-वन, सुदली, कस्बा चुवाड़ी-दो महिला के लिए आरक्षित की गई है। त्रिमथ वार्ड इस बार ओपन रहेगा। वार्ड नं पांच मेडिकल कालोनी अनुसूचित जाति और वार्ड नं-दो बलाड़ा अनुसूचित जनजाति के उम्मीदवार हेतु आरक्षित हुआ है।
जीपीओ और डलहौजी क्लब वार्ड भी रहेंगे ओपन
नगर परिषद डलहौजी के कुल नौ वार्डों में लोअर बकरोटा, अप्पर बकरोटा, मोती टिब्बा, कोनमेंट और कथलग वार्ड को महिला उम्मीदवार के लिए आरक्षित किया गया है। हिंदूलेन वार्ड को अनुसूचित जाति के उम्मीदवार के लिए आरक्षित किया गया है। जीपीओ व डलहौजी क्लब वार्ड को ओपन रहेंगें। वार्ड नं दो लोहाली को अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित किया गया।