हिमगिरी-चंबा वाया बरोटी सड़क मार्ग पर मंगलवार को अचानक एक विशालकाय पेड़ गिर जाने से यातायात करीब दो घंटे तक पूरी तरह बाधित रहा। मार्ग बंद होने से दोनो...
पेड़ गिरने से दो घंटे बाधित रहा हिमगिरी-चंबा वाया बरोटी मार्ग
हिमगिरी-चंबा वाया बरोटी सड़क मार्ग पर मंगलवार को अचानक एक विशालकाय पेड़ गिर जाने से यातायात करीब दो घंटे तक पूरी तरह बाधित रहा। मार्ग बंद होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 9 बजे बरोटी के समीप पहाड़ी से सटा एक चीड़ का पेड़ अचानक सड़क पर गिर पड़ा। इससे सड़क पूरी तरह अवरुद्ध हो गई। घटना के समय कुछ वाहन मार्ग से गुजर रहे थे लेकिन चालक सतर्कता बरतते हुए समय रहते रुक गए। इससे बड़ा हादसा टल गया। मार्ग बंद होने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और स्वयं पेड़ हटाने में जुट गए।करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मार्ग को यातायात के लिए बहाल किया गया। इस दौरान चंबा और हिमगिरी की ओर जाने वाले यात्रियों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। स्थानीय लोगों अमित कुमार, योगेश, बचन सिंह, प्रमोद कुमार ने बताया कि बरसात और तेज हवाओं के दौरान इस मार्ग पर अक्सर पेड़ गिरने और भूस्खलन का खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग उठाई है कि सड़क किनारे खतरा बने सूखे और झुके हुए पेड़ों को समय रहते हटाया जाए जिससे भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।