मुंबई से चंबा में जुड़े नकली नशीली दवाई के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने दो लोगों के नाम भी उजागर किए हैं। दवाइयों के साथ पकड़े हरमीत सिंह ने पूछताछ मे...
चंबा में अब खरीदारों तक पहुंचा नकली नशीली दवाइयों का खेल
मुंबई से चंबा में जुड़े नकली नशीली दवाई के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने दो लोगों के नाम भी उजागर किए हैं। दवाइयों के साथ पकड़े हरमीत सिंह ने पूछताछ में चंबा के दो लोगों के नाम बताए हैं।
ये नशा करने के लिए उससे यह दवाई खरीदते थे। अब स्वास्थ्य विभाग उन दोनों लोगों को पूछताछ के लिए बुलाने वाला है। दोनों को ड्रग इंस्पेक्टर ने फोन के माध्यम से चेतावनी जारी कर दी है। इसमें उन्हें साफतौर पर कहा गया है कि वे विभागीय जांच में सहयोग दें, अन्यथा उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है। दोनों लोगों से पूछताछ कर यह पता लगाया जाएगा कि वे अन्य कितने युवाओं को नशीली दवाई सप्लाई करते थे ताकि इस रैकेट का भंडाफोड़ हो सके।
नकली दवाई के साथ-साथ स्वास्थ्य विभाग जिले में फैले नशीली दवाइयों के अवैध कारोबार पर भी अंकुश लगाने की दिशा में कार्य कर रहा है। इसके चलते इस मामले से जुड़े हर पहलू पर गहनता से जांच की जा रही है। मुंबई से दवाई बेचने वाला आरोपी न्यायिक हिरासत में है। इस पूरे मामले की जांच चंबा में तैनात दवा निरीक्षक लवली ठाकुर स्वयं कर रहे हैं। पुलिस का भी इसमें सहयोग लिया जा रहा है। जब आरोपी को पकड़ा था तो उसे थाना प्रभारी से अनुमति लेकर जेल में ही रखा गया था। उधर, राज्य दवा नियंत्रक मनीष कपूर ने बताया कि जिन दो लोगों के नाम सामने आए हैं, उन्हें पूछताछ के लिए तलब होने के लिए कहा गया है।