डलहौजी (चंबा)। पुलिस थाना क्षेत्र डलहौजी के अंतर्गत बकरोटा स्थित एक फ्लैट को लेकर दो सगी बहनों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। घरेलू सामान और फर्न...
बहन ले जाने लगी सामान, दूसरी ने बुलाई पुलिस
डलहौजी (चंबा)। पुलिस थाना क्षेत्र डलहौजी के अंतर्गत बकरोटा स्थित एक फ्लैट को लेकर दो सगी बहनों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। घरेलू सामान और फर्नीचर को लेकर शुरू हुआ यह विवाद उस समय तूल पकड़ गया, जब छोटी बहन कथित रूप से फ्लैट का सामान ट्रक में लादकर पंजाब ले जाने लगी। वहीं, बड़ी बहन ने पुलिस बुलाकर सामान जब्त करवा दिया। जानकारी के अनुसार फ्लैट की मालिकिन राजविंदर कौर की दो बेटियां नवरीत कौर और धनप्रीत कौर हैं। बड़ी बेटी नवरीत कौर का दावा है कि फ्लैट और उसमें रखा सारा सामान बुजुर्गों द्वारा उन्हें दिया गया है। दोनों बहनें अब तक इसी फ्लैट में साथ रह रही थीं। आरोप है कि छोटी बहन धनप्रीत कौर ने अचानक फर्नीचर और इलेक्ट्रॉनिक सामान ट्रक में लादकर ले जाने का प्रयास किया। नवरीत ने इसकी शिकायत पुलिस को दी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ट्रक को तुन्नूहट्टी चेक पोस्ट बैरियर पर रोक लिया। ट्रक में लदा घरेलू सामान जब्त कर वापस पुलिस थाना डलहौजी लाया गया। उधर, पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और पुलिस दोनों पक्षों के दावों की जांच कर रही है।