सलूणी शिक्षा खंड के राजकीय प्राथमिक पाठशाला कुंडा में SMC और ग्रामीणों के आर्थिक सहयोग और श्रमदान से कक्षाओं का हुआ कायाकल्प शिक्षा के मंदिर की जर्...
शिक्षा के मंदिर को संवारा, जर्जर फर्श पर ग्रामीणों ने डाली टाइलें
सलूणी शिक्षा खंड के राजकीय प्राथमिक पाठशाला कुंडा में SMC और ग्रामीणों के आर्थिक सहयोग और श्रमदान से कक्षाओं का हुआ कायाकल्प
शिक्षा के मंदिर की जर्जर हालत को बदलने में स्थानीय लोगों ने मिसाल पेश की है। शिक्षा खंड सलूणी के तहत आने वाली राजकीय प्राथमिक पाठशाला कुंडा में स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) और ग्रामीणों ने आर्थिक सहयोग और श्रमदान कर कक्षाओं का कायाकल्प कर दिया। विद्यालय के तीन कमरों में नए टाइल फर्श बिछाकर बच्चों को स्वच्छ और आरामदायक माहौल उपलब्ध करवाया गया है।विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्षा कांतो देवी ने बताया कि विद्यालय के तीनों कमरों का फर्श पूरी तरह उखड़ चुका था, जिस कारण बच्चों को बैठने में दिक्कत होती थी। इसे देखते हुए एसएमसी व ग्रामीणों ने मिलकर पहल की और कमरों में टाइलें डलवाईं। अब कमरे साफ-सुथरे और आकर्षक नजर आ रहे हैं। विद्यालय के प्रभारी पवन कुमार ने बताया कि वर्तमान में विद्यालय में 79 बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं। नए फर्श से बच्चों को कक्षाओं में बैठने और पढ़ाई करने में आसानी होगी। उन्होंने अध्यापक नेक राज, एसएमसी सदस्यों और समुदाय के लोगों का आभार जताते हुए कहा कि इस सहयोग से विद्यालय रूपी मंदिर को संवारने का काम हुआ है।