पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कालेज एवं अस्पताल के विभिन्न वार्डो से सोमवार देर रात चोर तीमारदारों के करीब दस मोबाइल फोन ले उड़े। चोरों की इस करतूत का...
मेडिकल कालेज में चोरी…लोगों के मोबाइल ले उड़े चोर
पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कालेज एवं अस्पताल के विभिन्न वार्डो से सोमवार देर रात चोर तीमारदारों के करीब दस मोबाइल फोन ले उड़े। चोरों की इस करतूत का पता मंगलवार सवेरे लगा जब तीमारदारों ने अपने मोबाइल फोन गुम पाए। उन्होंने तुरंत चिकित्सा अधीक्षक को घटना की जानकारी दी। चिकित्सा अधीक्षक ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को सूचित किया। सूचना पाते ही सिटी पुलिस चौकी से टीम ने मेडिकल कालेज पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने के साथ ही पीडि़तों के बयान दर्ज किए। जानकारी के अनुसार मेडिकल कालेज एवं अस्पताल में उपचाराधीन मरीजों की देखभाल में जुटे तीमारदारों के मोबाइल फोन रात के समय शातिरों ने उड़ा लिए।
सुबह जब लोगों की नींद खुली तो मोबाइल गायब पाकर उनके होश उड़ गए। पीडि़तों का कहना है कि वे अपने परिजनों की देखभाल के लिए अस्पताल आए थे, लेकिन यहां उनकी संपत्ति भी सुरक्षित नहीं है। पीडि़तों ने इस घटना के संबंध में अस्पताल प्रबंधन को लिखित शिकायत सौंपी है। पुलिस टीम भी मामले की छानबीन में जुट गई है। इस दौरान मरीजों के तीमारदारों ने कहा कि मेडिकल कालेज एवं अस्पताल में बार-बार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर लोगों में गहरा रोष व्याप्त है। उन्होंने मांग उठाई कि रात के समय वार्डों और संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा कर्मियों की संख्या बढाई जाए। साथ ही पुलिस और सुरक्षा गार्डों द्वारा अस्पताल परिसर में गश्त की जाए। लोगों का कहना है कि अस्पताल में चोरी की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं, लेकिन ठोस कदम नहीं उठाए गए। यदि समय रहते सुरक्षा के कड़े इंतजाम नहीं किए गए तो भविष्य में कोई बड़ी वारदात भी हो सकती है। उन्होंने साथ ही कहा कि मेडिकल कालेज एवं अस्पताल परिसर के पिछले काफी अरसे खराब व बंद पड़े सीसीटीवी कैमरे को एक्टिव करने की मांग भी उठाई है।
एमएस बोले, पुलिस को सौंपी शिकायत
मेडिकल कालेज चंबा के चिकित्सा अधीक्षक डाक्टर प्रदीप सिंह ने बताया कि मामले का कडा संज्ञान लिया गया है। शिकायत पुलिस को सौंप दी गई है। सीसीटीवी कैमरे कार्यशील करने के साथ-साथ सुरक्षा कर्मियों की संख्या बढाने की प्रक्रिया जारी है। जल्द ही चोरी की इस वारदात को अंजाम देने वालों को पकड़ लिया जाएगा।