बरियाल (कांगड़ा)। नगरोटा सूरियां क्षेत्र में चोरी की वारदात के महज दो दिन बाद चोरों ने साथ लगती बासा पंचायत में एक रिहायशी मकान को निशाना बनाया। रविवा...
खिड़की की ग्रिल उखाड़कर घर में घुसे चोर, परिवार के जागने पर भागे
बरियाल (कांगड़ा)। नगरोटा सूरियां क्षेत्र में चोरी की वारदात के महज दो दिन बाद चोरों ने साथ लगती बासा पंचायत में एक रिहायशी मकान को निशाना बनाया। रविवार रात चोरों ने भारत भूषण गुलेरिया के घर की खिड़की की लोहे की ग्रिल उखाड़कर अंदर प्रवेश किया। हालांकि, परिजनों के समय रहते जाग जाने से चोरी की बड़ी वारदात टल गई और चोर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकले।
गृहस्वामी भारत भूषण गुलेरिया ने बताया कि रात को वह और उनकी पत्नी कमरे में सो रहे थे। तभी घर में पाले खरगोशों की असामान्य आवाजें सुनकर उन्हें संदेह हुआ। उठकर जब वे दूसरे कमरे की ओर गए तो खिड़की की ग्रिल टूटी मिली। चोर ग्रिल को उखाड़कर करीब 40 फीट दूर फेंक चुके थे और उसी रास्ते घर में दाखिल हुए थे। घर में रोशनी होते ही चोर भाग खड़े हुए।
सूचना मिलने पर नगरोटा सूरियां पुलिस चौकी प्रभारी ने टीम सहित मौके का मुआयना किया। गौरतलब है कि शुक्रवार को भी नगरोटा सूरियां में चोरों ने एक बंद घर के दरवाजे तोड़कर अलमारियां खंगाली थीं। लगातार दो घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। एएसपी धर्म चंद वर्मा ने कहा कि पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपियों का सुराग लगा लिया जाएगा।