हिमाचल प्रदेश में रविवार को आग की दो घटनाएं सामने आईं। चंबा के राजकीय प्राथमिक पाठशाला सलोह में भीषण आग से तीन कमरे और पूरा रिकॉर्ड जलकर राख हो गया, ज...
हिमाचल में दो जगह आग की घटनाएं: चंबा के स्कूल में तीन कमरे और रिकॉर्ड जला, पालमपुर कार्यालय में टला नुकसान
हिमाचल प्रदेश में रविवार को आग की दो घटनाएं सामने आईं। चंबा के राजकीय प्राथमिक पाठशाला सलोह में भीषण आग से तीन कमरे और पूरा रिकॉर्ड जलकर राख हो गया, जबकि पालमपुर में लोक निर्माण विभाग के वृत्त कार्यालय में बिजली की तार में आग लगने से अफरा तफरी मच गई। हालांकि वहां कोई नुकसान नहीं हुआ। चंबा के चुराह उपमंडल के शिक्षा खंड कल्हेल के अंतर्गत आने वाले राजकीय प्राथमिक पाठशाला सलोह में रविवार शाम करीब पांच बजे भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे स्कूल को अपनी चपेट में ले लिया और तीन कमरे जलकर राख हो गए। वहीं, पालमपुर में लोक निर्माण विभाग के वृत्त कार्यालय में भी आग लग गई।
सिलिंडर ब्लास्ट से फैली आग
भीषण अग्निकांड के दौरान दो सिलिंडर फटने से आग और तेजी से फैल गई। स्कूल की छत टीन की चादरों की बनी होने के कारण आग ने तेजी से पूरे भवन को अपनी चपेट में ले लिया। गनीमत रही कि रविवार होने के कारण स्कूल में अवकाश था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। आग में स्कूल का पूरा रिकॉर्ड भी जलकर राख हो गया। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। स्कूल प्रभारी कुलदीप ने बताया कि अग्निकांड में दो सिलिंडर फटने से स्कूल भवन और पूरा रिकॉर्ड जल गया। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
पालमपुर में लोक निर्माण विभाग के वृत्त कार्यालय में लगी आग
पालमपुर स्थित लोक निर्माण विभाग के वृत्त कार्यालय में रविवार शाम करीब छह बजे बिजली के कनेक्शन की तार में आग लग गई। आग लगने के बाद तार टूट गई, जिससे आग अपने आप बुझ गई। इस घटना में विभाग को कोई नुकसान नहीं हुआ। विभाग के अधिकारियों के अनुसार, आग अचानक बिजली की तार में लगी थी। वहीं, दमकल विभाग के अधिकारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि इस घटना की विभाग को कोई सूचना नहीं मिली थी।