सलूणी-गोठ मार्ग पर डेढ़ घंटा थमे रहे पहिये, दो किमी तक लगा जाम

तंग सड़क पर गोठ से लेकर सलूणी तक सड़क के दोनों ओर लगी रहीं कतारें रेंगते नजर आईं छोटी गाड़ियां, बसें और ट्रक, लोगों को झेलनी पड़ी परेशानी सलूण...

सलूणी-गोठ मार्ग पर डेढ़ घंटा थमे रहे पहिये, दो किमी तक लगा जाम

सलूणी-गोठ मार्ग पर डेढ़ घंटा थमे रहे पहिये, दो किमी तक लगा जाम

तंग सड़क पर गोठ से लेकर सलूणी तक सड़क के दोनों ओर लगी रहीं कतारें रेंगते नजर आईं छोटी गाड़ियां, बसें और ट्रक, लोगों को झेलनी पड़ी परेशानी

सलूणी (चंबा)। सलूणी-गोठ मार्ग पर शुक्रवार सुबह उस समय यातायात पूरी तरह चरमरा गया, जब तंग सड़क पर वाहनों का दबाव बढ़ने से करीब दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया।
गोठ से लेकर सलूणी तक सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोग करीब डेढ़ घंटे तक सड़क पर फंसे रहने को मजबूर हो गए। सुबह करीब पौने दस बजे लगा जाम लगभग 11 बजे बड़ी मुश्किल से खुल पाया। इसके बाद यात्रियों और वाहन चालकों ने राहत की सांस ली। जाम के दौरान छोटी गाड़ियां, बसें और ट्रक सड़क पर रेंगते नजर आए। कई लोग जरूरी कामों के लिए घरों से निकले थे लेकिन घंटों तक जाम में फंसे रहने के कारण उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्कूली बच्चे, दफ्तर जाने वाले कर्मचारी और मरीजों के परिजन भी इस अव्यवस्था से खासे परेशान दिखे।

जाम में फंसे लोगों में अमित कुमार, राहुल कुमार, कमल कुमार, संजय कुमार और प्रेम चंद ने बताया कि सलूणी-गोठ मार्ग पर यातायात की समस्या अब आम जनता के लिए बड़ी परेशानी बन चुकी है। शायद ही कोई ऐसा दिन गुजरता हो, जब इस सड़क पर लंबा जाम न लगता हो। पहले कभी-कभार जाम की स्थिति बनती थी, लेकिन अब यह हर रोज की कहानी बन गई है। सड़क संकरी होने और वाहनों की संख्या लगातार बढ़ने से हालात बदतर होते जा रहे हैं। जाम के दौरान कई बार एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहन भी फंस जाते हैं जिससे लोगों की चिंता और बढ़ जाती है। उनका कहना है कि अगर किसी गंभीर मरीज को समय पर अस्पताल पहुंचाना हो तो यह स्थिति जानलेवा साबित हो सकती है। लोगों ने लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि सलूणी-गोठ मार्ग को चौड़ा किया जाए और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। अगर समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में हालात और गंभीर हो सकते हैं।