बनीखेत (चंबा)। उपमंडल डलहौजी की टप्पर पंचायत के गांव लुणाह में सोमवार सुबह 6 बजे एक महिला पर दो भालुओं ने हमला कर दिया। इससे वह घायल हो गईं। घटना के ब...
कूड़ा फेंकने गई महिला पर दो भालुओं का हमला
बनीखेत (चंबा)। उपमंडल डलहौजी की टप्पर पंचायत के गांव लुणाह में सोमवार सुबह 6 बजे एक महिला पर दो भालुओं ने हमला कर दिया। इससे वह घायल हो गईं। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों में अमित कुमार, योगराज और संजीव कुमार ने कहा कि पिछले कुछ समय से जंगली जानवरों की रिहायशी क्षेत्रों में आवाजाही बढ़ गई है। इससे लोगों की सुरक्षा को खतरा पैदा हो रहा है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में बढ़ रही इस समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।
राणो देवी (56) सुबह अपने घर के पास कूड़ा फेंकने गई थीं। इसी दौरान दो भालुओं ने उन पर हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। शोर सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने किसी तरह महिला को भालुओं के चंगुल से छुड़ाया। घायल महिला को परिजनों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाथरी पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया। अस्पताल में तैनात डॉ. पुनीत पराशर ने बताया कि भालू के हमले से महिला के सिर और चेहरे पर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद महिला की हालत खतरे से बाहर होने पर महिला को घर भेज दिया गया।