ITI सलूणी के प्राचार्य पान चंद वर्मा ने एक लाख रूपए की राशि प्रदान की सीनियर सेकेंडरी स्कूल ग्रोहन के छात्रों को कमरों की सुविधा उपलब्ध करवाने में...
लोगों के सहयोग से बनाए जाएंगे स्कूल के दो कमरे, प्रिंसीपल ने दिए एक लाख
ITI सलूणी के प्राचार्य पान चंद वर्मा ने एक लाख रूपए की राशि प्रदान की
सीनियर सेकेंडरी स्कूल ग्रोहन के छात्रों को कमरों की सुविधा उपलब्ध करवाने में प्रदेश सरकार व शिक्षा विभाग के नाकाम रहने के चलते अब ग्रामीणों ने जनसहयोग से दो कमरों के निर्माण का फैसला लिया है। इस कार्य के लिए शिक्षा विभाग की ओर से कुछेक शर्तों के आधार पर अनुमति भी मिल गई है। दो कमरों के निर्माण हेतु स्कूल के पूर्व छात्र एवं आईटीआई सलूणी के प्राचार्य पान चंद वर्मा ने एक लाख रूपए की राशि प्रदान की है। जानकारी के अनुसार सीनियर सैकेंडरी स्कूल ग्रोहन में वर्तमान समय में छठी से लेकर बारहवीं तक करीब 150 छात्र शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। स्कूल परिसर में छात्रों के बैठने हेतु मात्र चार कमरे हैं। इसमें सात कक्षाओं के 150 बच्चे शिक्षा ग्रहण करते हैं। इस कारण बच्चों सहित अध्यापकों को भी कई प्रकार की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
पिछला डियूर पंचायत के प्रधान भीलो राम ने कमरों के निर्माण हेतु बारह हजार ईंटें प्रदान की
स्कूल परिसर में कमरों की कमी को देखते हुए एसएमसी कमेटी की ओर से कई मर्तबा शिक्षा व सरकार को प्रस्ताव भेजे गए, लेकिन कोई सकारात्मक कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई, जोकि सरकारी व्यवस्था की लेटलतीफी का एक बडा प्रमाण है। ऐसे में पिछले दिनों ग्रोहण स्कूल से शिक्षा ग्रहण कर आईटीआई सलूणी में प्रधानाचार्य के पद पर तैनात पान चंद वर्मा ने स्कूल में भवन की कमी को देखते हुए एक कमरे के निर्माण हेतु एक लाख की धनराशि दान की। इसके साथ ही पिछला डियूर पंचायत के प्रधान भीलो राम ने कमरों के निर्माण हेतु बारह हजार ईंटें प्रदान की हैं। इसके अलावा क्षेत्र के कुछेक ओर लोगों ने भी कमरों के निर्माण कार्य में सहयोग देने का फैसला लिया है।
कई बार की जा चुकी है स्कूल भवन की मांग
सीनियर सैकेंडरी स्कूल ग्रोहन की एसएमसी कमेटी के प्रधान रहमान खान ने बताया कि कई बार सरकार व विभाग से स्कूल भवन की मांग कर चुके हैं। मगर अभी तक न तो स्वीकृति मिल पाई है। आखिरकार ग्रामीणों ने अब स्वयं निजी खर्च के जरिए स्कूल के लिए दो कमरों के निर्माण का फैसला लिया है। इसके लिए शिक्षा विभाग से स्वीकृति भी मिल गई है। उन्होंने कहा कि जल्द भवन का निर्माण कार्य अच्छी गुणवत्ता के साथ शुरू किया जाएगा।