उपमंडल डलहौजी के बोंखरी मोड के समीप स्थित तला गांव में बुधवार दोपहर को जंगल की आग आबादी तक पहुंच जाने से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। आग तेजी से फैल...
तला गांव तक पहुंची जंगल की बेकाबू आग
उपमंडल डलहौजी के बोंखरी मोड के समीप स्थित तला गांव में बुधवार दोपहर को जंगल की आग आबादी तक पहुंच जाने से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। आग तेजी से फैलते हुए गांव के नजदीक पहुंच गई और कई घर और गोशालाएं इसकी चपेट में आने के खतरे में आ गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार आग को बढ़ता देख ग्रामीण तुरंत बचाव कार्य में जुट गए। लोगों ने अपने घरों में लगी पानी की टंकियों से पानी निकालकर आग बुझाने का प्रयास किया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते उन्होंने प्रयास नहीं किए होते तो कई मकान आग की चपेट में आ सकते थे। घटना की सूचना मिलते ही बनीखेत से फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाने के लिए अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित कर लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और गांव को संभावित नुकसान से बचा लिया गया।
फायर ब्रिगेड की सराहना
ग्रामीणों ने फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि समय पर टीम के पहुंचने से उनके घर सुरक्षित बच गए। उन्होंने साथ ही क्षेत्र में लगातार बढ़ रही जंगल की आग की घटनाओं को लेकर लोगों ने चिंता जताई है और वन विभाग से आग रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।