ग्राम पंचायत बरौर के छमैरी गांव में गत शनिवार को युवक की संदिग्धावस्था मौत को हत्या करार देते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों व ग्रा...
पुलिस के खिलाफ गरजे ग्रामीण… दो घंटे तक चक्का जाम
ग्राम पंचायत बरौर के छमैरी गांव में गत शनिवार को युवक की संदिग्धावस्था मौत को हत्या करार देते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों व ग्रामीणों ने सोमवार को जिला मुख्यालय पर आक्रोश रैली निकालने के साथ ही मुख्य चौक पर की दो घंटे तक चक्का जाम किया। ग्रामीणों के सडक़ पर धरने पर बैठने से ट्रैफिक जाम के कारण मुख्यालय पहुंचने लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इस दौरान पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई। इस प्रदर्शन में मृतक सोनू कुमार के भाई सैनिक वर्दी में ही इनसाफ के लिए लोगों के साथ दो घंटे तक सडक़ पर डटे रहे।
सदर पुलिस थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रमन चौधरी ने टीम संग मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर शांत करने के साथ ही घटना को अब तक अमल में लाई कार्रवाई की जानकारी दी। इसके बाद ही ग्रामीणों धरने से उठे। इसके बाद परिजनों व ग्रामीणों ने डीसी मुकेश रेप्सवाल को भी ज्ञापन सौंपकर वास्तुस्थिति की जानकारी देते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग उठाई। उन्होंने साथ ही चेतावनी दी कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया तो वे फिर से सडक़ों पर उतरते हुए चक्का चक्का जाम कर देंगे। इसकी जिम्मेदारी पुलिस व जिला प्रशासन की होगी।
मृतक के भाई ने आरोप लगाया कि तीन दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस ने हत्यारों को गिरफ्तार नहीं किया है।उन्होंने कहा कि गांव के सडक़ निर्माण हेतु भाई का संघर्ष व आरोपियों की ओर से सरकारी भूमि पर किए कब्जे को लेकर हासिल आरटीआई ही मौत की वजह बनी है। उन्होंने कहा कि गांव के लिए सडक़ निर्माण हेतु सोनू ने काफी मेहनत की थी। इस कारण सोन व पारिवारिक सदस्यों को आरोपियों की ओर से लगातार धमकाया जा रहा था। उन्होंने सीधे तौर पर कहा कि सडक़ निर्माण विवाद को लेकर ही आरोपियों ने उसके भाई की सुनियोजित तरीके से हत्या कर इसे हादसे का रूप देने का प्रयास किया है। उधर, एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने बताया कि पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।