पक्षियों की आंखों के सामने जल गए घोंसले और उसमें रखे बच्चे शरारती तत्वों ने जंगलों में लगाई आग, वन विभाग पहचान करने में जुटा आधी रात को चंबा के जंगलो...
कोशिशें हार गईं तो बादलों ने बुझा दी जंगल की आग
पक्षियों की आंखों के सामने जल गए घोंसले और उसमें रखे बच्चे शरारती तत्वों ने जंगलों में लगाई आग, वन विभाग पहचान करने में जुटा
आधी रात को चंबा के जंगलों में आग पेड़ों के साथ पक्षियों के आशियाने, वन्य जीवों की दुनिया और पहाड़ों की सांसों को भी निगल रही थी। हर तरफ धुएं का गुबार, उठतीं लपटें और बेबस आंखों से जलते घोंसलों को देखते पक्षियों की तड़प दिखाई दे रही थी। वन विभाग, दमकल कर्मी और ग्रामीण पूरी ताकत से आग को रोकने में जुटे रहे लेकिन हवा के सामने हर कोशिश छोटी पड़ती गई। ठीक उसी वक्त जब इंसान और मशीन थक चुके थे तो आसमान ने खुद मोर्चा संभाला और बारिश की बूंदें दहकते जंगलों पर मरहम बनकर बरस पड़ीं।
दिन : शनिवार, समय : शाम 7 बजे, स्थान : वन मंडल चंबा का कियाणी और सामदार जंगल। दोनों जगह भयंकर आग भड़की है। वन विभाग की टीमें आग बुझाने में जुटी हैं लेकिन हवा के झोंकों के साथ आग इतनी तेजी से फैल रही है कि उनके लिए उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया है। आग की लपटों से बचने के लिए पक्षी अपने घोंसलों को छोड़ सुरक्षित स्थानों की उड़ान भर रहे हैं। अन्य वन्य जीव भी आग से बचने के लिए दूसरे जंगल की तरफ भाग रहे हैं। पक्षियों की आंखों के सामने उनके घोंसले, अंडे और छोटे बच्चे जलकर राख हो गए। रात करीब आठ बजे कियाणी के पास जंगल में भड़की आग चारों तरफ फैल गई। जंगल के साथ लगते गांव के लोग भी घरों की सुरक्षा के लिए मुस्तैद हो गए। लोगों ने वन विभाग को सूचना दी। वन रक्षक टीम के साथ पहुंचे। आग को झाड़ियों के लट्ठ से बुझाने की कोशिश शुरू हो गई। स्थानीय लोग भी कर्मचारियों की आग बुझाने में सहायता करने लगे। 8:30 बजे चामुंडा मंदिर के साथ लगते सामदार जंगल में आग करीब आठ हेक्टेयर जंगल में फैल गई। वन खंड अधिकारी सुनील कुमार टीम के साथ मोर्चा संभाले रहे। दमकल विभाग की टीम भी बुलाई गई। पानी की बौछार कर सड़क के साथ लगी आग को बुझाने काक्रम रात 12 बजे तक चलता रहा। विभागीय टीमें आग बुझाने में जुटी रहीं। जब आग नहीं बुझी तो सभी भगवान से बारिश की गुहार लगाने लगे। 12 बजे बाद अचानक आसमान से बारिश की फुहार पड़ने से धूं-धूं कर जल रहे जंगल शांत हो गए।
वन मंडल अधिकारी चंबा कृतज्ञ कुमार ने बताया कि आग को बुझाने के लिए विभाग की टीमें देर रात तक डटी रहीं। जिन लोगों ने यह आग लगाई है, उनकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।