चंबा के पास सोमवार को सुबह एक ऐसा पल आया जब कुछ सेकंड के भीतर 45 जिंदगियां किस्मत और खतरे के बीच झूलने लगीं। चलती बस में अचानक धमाके के साथ ब्रेक जवाब...
ब्रेक ने छोड़ा साथ तो हिम्मत ने थामा, चालक की सूझबूझ ने बचीं 45 जिंदगियां
चंबा के पास सोमवार को सुबह एक ऐसा पल आया जब कुछ सेकंड के भीतर 45 जिंदगियां किस्मत और खतरे के बीच झूलने लगीं। चलती बस में अचानक धमाके के साथ ब्रेक जवाब दे गए। बस नियंत्रण से बाहर होने लगी। अंदर बैठे यात्री घबरा गए और चीखने-चिल्लाने लगे। उसी वक्त चालक के एक फैसले ने संभावित हादसे को टालते हुए मौत के मुंह से यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया।
अपने सफर पर निकले स्कूली विद्यार्थी, नौकरीपेशा और दिहाड़ीदार लोग सोमवार को चालक की सूझबूझ से मौत के मुंह से लौटे। एचआरटीसी बस का प्रेशर पाइप फटने के बाद ब्रेक नहीं लगा। ऐसे में चालक ने सूझबूझ से करीब 45 यात्रियों की जान बचा ली। चालक ने सूझबूझ दिखाकर हैंड ब्रेक लगाकर गियर डाउन किया और बस को पहाड़ी से टकरा दिया। गनीमत यह रही कि पहाड़ी से टकराने के बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क पर नहीं पलटी।
अगाहर-जुमहार-लुड्डू-चंबा रूट पर बस अगाहर से सुबह 8 बजे चंबा के लिए रवाना हुई। बस 15 मिनट देरी से चली। इसमें स्कूली विद्यार्थियों के साथ नौकरीपेशा लोग और दिहाड़ीदार सवार थे। वे बस देरी से चलने को लेकर नाराज थे। बस सुबह : 8:45 बजे घूम नामक स्थान पर पहुंची। अचानक जोरदार धमाके के साथ प्रेशर पाइप फट गया। चालक ने ब्रेक लगाने की कोशिश की लेकिन सफल नहीं हो पाया। जोरदार आवाज सुनकर कुछ सवारियों में चीख-पुकार मच गई। चालक-परिचालक ने तकनीकी खराबी आने की बात कहकर यात्रियों से शांत रहने की बात कही। चालक ने हैंड ब्रेक लगाकर गियर डाउन किया और बस को पहाड़ी से टकरा दिया। इसके बाद यात्रियों की जान में जान आई। सवारियों को बस से उतारा गया। चालक ने परिचालक से टायर के नीचे पत्थर लगाने को कहा। इसके बाद चालक उतरा। चालक ने यात्रियों को बताया कि बस का ब्रेक फेल हो गया था। लोगों की जान बचाने के लिए बस को पहाड़ी से टकराया। उधर, सवारियों में रोहित कुमार, मनोहर सिंह, मनजीत शर्मा, पवन कुमार और राकेश ने बताया कि रूट पर रोजाना देरी से बसें भेजी जा रही हैं। हर तीसरे दिन बस बीच खराब हो जाती है।
2022 में भी फेल हो गया था ब्रेक
साल 2022 में भी अगाहर-जुमहार-लुड्डू-चंबा रूट बस का ब्रेक फेल हो गया था। उस दौरान भी चालक ने चामुंडा मंदिर के पास सड़क के किनारे पेड़ से टकराकर बस को रोका था।
अब तक इन रूटों पर खराब हुईं बसें
चंबा-बाट, चंबा-चंबा-अगाहर, उटीप, चंबा-जम्मुहार, चंबा-शिमला, चंबा-चुवाड़ी, चंबा- पठानकोट, चंबा- भड़ेला, डलहौजी- चकोत्तर, चंबा- किहार, चंबा- देहरादून, चंबा- कीड़ी, चंबा- पनेला, चंबा- दिल्ली, चंबा- पुखरी, डलहौजी- मंगलेरा रूटों पर बसें खराब हो चुकी है।