भारतीय राज्य पेंशनर महासंघ चंबा की शहरी, साहो और खज्जियार मंडलों की संयुक्त बैठक बुधवार को लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में आयोजित हुई। बैठक की अध...
31 तक एरियर नहीं मिला तो करेंगे आंदोलन
भारतीय राज्य पेंशनर महासंघ चंबा की शहरी, साहो और खज्जियार मंडलों की संयुक्त बैठक बुधवार को लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष वेदव्यास ठाकुर ने की, जबकि वरिष्ठ राज्य उपाध्यक्ष एवं पेंशनर संयुक्त संघर्ष समिति के समन्वयक डॉ. डीके सोनी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान सेवानिवृत्त अधीक्षक ग्रेड-2 सुशील कुमार सल्होत्रा और सेवानिवृत्त लैब तकनीशियन अरुण आनंद ने महासंघ की सदस्यता ग्रहण की।
बैठक में पेंशनरों ने मेडिकल बिलों के भुगतान और वर्ष 2016 से पहले के पेंशनरों के संशोधित पेंशन एरियर जारी करने पर मुख्यमंत्री का आभार जताया। साथ ही वर्ष 2016 से 2022 के पेंशनरों के लंबित एरियर और अन्य वित्तीय लाभ 31 जुलाई तक जारी करने की मांग की। वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि समय पर भुगतान नहीं हुआ तो पेंशनर आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे। इसके अलावा महंगाई भत्ते की लंबित पांच किस्तों का भुगतान 15 अगस्त तक करने तथा कॉरपोरेट सेक्टर के पेंशनरों की पेंशन बहाली के लिए वर्ष 1999 की अधिसूचना लागू करने की भी मांग उठाई।