भरमौर की ग्राम पंचायत रहनूकोठी में हुआ हादसा, पुलिस ने पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंपा शव जनजातीय उपमंडल भरमौर की ग्राम पंचायत रहनूकोठी में ढांक से...
खाई में गिरने से महिला की मौत
भरमौर की ग्राम पंचायत रहनूकोठी में हुआ हादसा, पुलिस ने पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंपा शव
जनजातीय उपमंडल भरमौर की ग्राम पंचायत रहनूकोठी में ढांक से गिरकर महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान पंजो देवी पत्नी रोशन लाल वासी गांव भटाड़ा पोस्ट आफिस रहनूकोठी तहसील भरमौर के तौर पर की गई है। पुलिस ने बुधवार को शव का मेडिकल कालेज चंबा में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया है। पुलिस ने घटना की रपट रोजनामचे में डालकर विस्तृत कारणों की जांच आरंभ कर दी है। जानकारी के अनुसार भटाड़ा गांव की पंजो देवी बुधवार सवेरे घास काटने के कार्य में जुटी हुई थी।
इसी दौरान अचानक पांव फिसलने के कारण अनियंत्रित होकर पंजो देवी गहरी ढांक से लुढक़कर नीचे जा गिरी। मौके पर मौजूद परिजनों व ग्रामीणों ने तुरंत पंजो देवी को उठाकर वाहन के जरिए उपचार हेतु मेडिकल कालेज पहुंचाया। जहां मौजूद चिकित्सक ने पंजो देवी को मृत घोषित करार दे दिया। पुलिस ने परिजनों के बयान व आरंभिक जांच के आधार पर इस संदर्भ में बीएनएसएस की धारा 194 के तहत कार्रवाई अमल में लाई है।
क्या बोले एसपी
एसपी चंबा अभिषेक यादव ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि घटना को लेकर नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई है। उन्होंने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाकर अंतिम संस्कार हेतु वारिसों को सौंप दिया गया है।