त्योहारी सीजन में उपभोक्ताओं को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य उत्पाद उपलब्ध करवाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के खाद्य सुरक्षा विंग ने सतर्कता बढ़ा दी है। मंगल...
चुवाड़ी में 20 किलो मिठाई नष्ट की, त्योहारी मिठाइयों पर खाद्य सुरक्षा विभाग का शिकंजा, 10 सैंपल भरे
त्योहारी सीजन में उपभोक्ताओं को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य उत्पाद उपलब्ध करवाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के खाद्य सुरक्षा विंग ने सतर्कता बढ़ा दी है। मंगलवार को खाद्य सुरक्षा विंग की टीम ने भटियात क्षेत्र के चुवाड़ी में औचक निरीक्षण कर विभिन्न मिठाई की दुकानों और खाद्य प्रतिष्ठानों से 10 सैंपल एकत्र किए। टीम ने बेसन के तीन, बेसन पिन्नी के दो तथा गुलाब जामुन, बर्फी, खुला पनीर, रसगुल्ला और मोतीचूर लड्डू का एक-एक सैंपल लिया। गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों की जांच के लिए इन सैंपलों को कंडाघाट (सोलन) और पंचकूला स्थित प्रयोगशालाओं में भेजा जा रहा है। इसके अलावा निरीक्षण के दौरान 20 किलोग्राम सड़ी-गली मिठाइयों को मौके पर ही नष्ट करवाया गया।
निरीक्षण दल में खाद्य सुरक्षा अधिकारी चंबा सुगंधि कौंडल, भुवन चौहान, चैन लाल और मोहित कुमार शामिल रहे। खाद्य सुरक्षा विंग ने दुकानदारों और विशेष रूप से हलवाइयों को निर्देश दिए कि वे उपभोक्ताओं को केवल गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री ही उपलब्ध करवाएं। मिठाइयों के निर्माण में निर्धारित मानकों से अधिक या प्रतिबंधित कृत्रिम रंगों का इस्तेमाल न करें। खाद्य सुरक्षा विभाग चंबा के सहायक आयुक्त दीपक आनंद ने कहा कि त्योहारी सीजन में लोगों की सेहत से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट में मिलावट या खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी पाए जाने पर संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।