14 माह का बिल एक साथ, चंबा में उपभोक्ता परेशान

चंबा संघर्ष समिति की अगुवाई में विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने मंगलवार को पेयजल एवं सीवरेज बिलिंग व्यवस्था में आ रही दिक्कतों के समाधान की...

14 माह का बिल एक साथ, चंबा में उपभोक्ता परेशान

14 माह का बिल एक साथ, चंबा में उपभोक्ता परेशान

चंबा संघर्ष समिति की अगुवाई में विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने मंगलवार को पेयजल एवं सीवरेज बिलिंग व्यवस्था में आ रही दिक्कतों के समाधान की मांग को लेकर जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई वरिष्ठ नागरिक सुरेश कश्मीरी ने की। प्रतिनिधियों ने कहा कि स्पष्ट और स्थायी नीति के अभाव में विभाग की ओर से बिलिंग व्यवस्था में बार-बार बदलाव किए जा रहे हैं। लंबे अंतराल के बाद एकमुश्त भारी-भरकम बिल जारी होने से आम उपभोक्ताओं पर आर्थिक और मानसिक बोझ पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि अगस्त 2025 में बिना पूर्व सूचना के बिलों का भुगतान लेना अचानक बंद कर दिया गया था। अब करीब 14 माह का एरियर जोडक़र भारी-भरकम बिल एक साथ भेजे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब बिलिंग और भुगतान प्रक्रिया विभागीय स्तर पर ही रुकी हुई थी तो इतने लंबे समय का एरियर एकमुश्त उपभोक्ताओं पर डालना न्यायसंगत नहीं है। इस मामले को लेकर पूर्व में मिंजर मेले के दौरान उपमुख्यमंत्री को ज्ञापन भी सौंपा गया था, लेकिन अभी तक ठोस समाधान नहीं हो पाया है। प्रतिनिधिमंडल ने पेयजल और सीवरेज शुल्क के लिए स्पष्ट, न्यायसंगत और पारदर्शी स्थायी नीति बनाने की मांग की। साथ ही नीति तय होने तक एरियर की एकमुश्त वसूली पर रोक लगाने, मीटर लगाने, खराब मीटर की मरम्मत व बदलने की जिम्मेदारी स्पष्ट करने और ग्रामीण-शहरी क्षेत्रों में जल शुल्क की असमानता दूर करने की मांग उठाई। नियमित मासिक बिलिंग लागू करने की करें व्यवस्था चंबा संघर्ष समिति ने तीन-चार माह के संयुक्त बिल भेजने की व्यवस्था समाप्त कर नियमित मासिक बिलिंग लागू करने तथा भविष्य में बिलिंग व्यवस्था में किसी भी बदलाव से पहले उपभोक्ताओं को सार्वजनिक सूचना देने पर जोर दिया। प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि समस्या का जल्द समाधान न हुआ तो बढ़ता जन असंतोष व्यापक आंदोलन का रूप ले सकता है।