सड़क पर भारी भूस्खलन मार्ग बंद रहने की रहा वजह तेलका-लचोड़ी मार्ग पर बजमोता में मंगलवार मध्यरात्रि से लेकर बुधवार देर शाम तक मार्ग बार-बार बं...
तेलका-लचोड़ी सड़क पर भूस्खलन से यातायात ठप
सड़क पर भारी भूस्खलन मार्ग बंद रहने की रहा वजह
तेलका-लचोड़ी मार्ग पर बजमोता में मंगलवार मध्यरात्रि से लेकर बुधवार देर शाम तक मार्ग बार-बार बंद और बहाल होता रहा। सड़क पर भारी भूस्खलन इसकी मुख्य वजह रहा। आलम ये रहा कि सड़क के बार-बार बंद हो जाने से सवारियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। बजमोता में मंगलवार रात 2:00 बजे के करीब भारी भूस्खलन हुआ। इससे मार्ग यातायात के लिए बंद हो गया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची विभागीय मशीनरी ने सुबह 5:00 बजे मार्ग बहाल कर लोगों को बड़ी राहत दी। बुधवार दोपहर बाद 3:30 बजे एक बार फिर से पहाड़ी से हुए भूस्खलन से मार्ग यातायात के लिए बंद पड़ गया। सूचना मिलने के बाद विभागीय टीम मौके पर पहुंची और सड़क को बहाल करने का कार्य आरंभ किया।
मूसलाधार बारिश ने लोगों की बढ़ा दी दुश्वारियां
खबर लिखे जाने तक मार्ग यातायात के लिए सुचारु नहीं हो पाया था। सड़क के दोनों किनारों पर छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सवारियों राजीव कुमार, नरेश कुमार, कपिल कुमार, संजीव कुमार, योगराज आदि ने बताया कि मूसलाधार बारिश ने लोगों की दुश्वारियां बढ़ा दी हैं। तेलका-लचोड़ी मार्ग बार-बार बंद और बहाल होता रहा। लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता विजय कुमार का कहना है कि सड़क की बहाली के लिए विभागीय मशीनरी मौके पर भेजी है। सड़क को जल्द आवाजाही के लिए बहाल करवा दिया जाएगा।