लग और सुंधवार में घर खतरे की जद में तेलका क्षेत्र की ग्राम पंचायत करवाल और गवालू के कई गांव भूस्खलन की चपेट में आकर भारी नुकसान झेल रहे हैं।...
करवाल और गवालू पंचायतों में भूस्खलन से तबाही
लग और सुंधवार में घर खतरे की जद में
तेलका क्षेत्र की ग्राम पंचायत करवाल और गवालू के कई गांव भूस्खलन की चपेट में आकर भारी नुकसान झेल रहे हैं। करवाल पंचायत के कुंडोलू, लग, संधवार, कूट और अड़ाना गांव सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। कुंडोलू में कई मकान ढह गए। लग और संधवार में घर खतरे की जद में हैं, वहीं कूट और अड़ाना गांव में भी कई मकान जमींदोज हो चुके हैं। लगातार पहाड़ दरकने से ग्रामीण भयभीत हैं और घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर शरण ले रहे हैं। सड़कें क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं, बिजली-पानी की आपूर्ति ठप है और लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। गवालू पंचायत के गांव अथेड़ में भूस्खलन से कई दुकाने ढह गई हैं, जिससे व्यापारियों को बड़ा आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा है।
ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन द्वारा उन्हें तिरपाल तक उपलब्ध नहीं करवाए गए
गांव की सड़कें भी खस्ताहाल हो गई हैं, जिससे ग्रामीणों की दिक़्क़तें और बढ़ गईं हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि अभी तक उन्हें प्रशासन से कोई ठोस सहयोग नहीं मिल पाया है। प्रभावित परिवारों का कहना है कि उन्हें राहत सामग्री तक सही ढंग से नहीं मिल रही और यहां तक कि तिरपाल तक उपलब्ध नहीं कराए गए। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे हालात में वे खुले आसमान तले रहने को मजबूर हैं और लगातार बारिश के बीच उनकी मुश्किलें और बढ़ रही हैं। लोगों ने सरकार और प्रशासन से गुहार लगाई है कि प्रभावित परिवारों को तुरंत राहत, सुरक्षित आश्रय और मुआवज़ा उपलब्ध कराया जाए।