ग्राम पंचायत गडफरी से स्कूल जाने वाले करीब दो सौ बच्चों की परीक्षा ले रहा थल्ली नाला उपमंडल चुराह के तहत आती ग्राम पंचायत गडफरी के विद्यार्थी जान ह...
स्कूल की राह मुश्किल, नाला ले रहा विद्यार्थियों की परीक्षा
ग्राम पंचायत गडफरी से स्कूल जाने वाले करीब दो सौ बच्चों की परीक्षा ले रहा थल्ली नाला
उपमंडल चुराह के तहत आती ग्राम पंचायत गडफरी के विद्यार्थी जान हथेली पर रखकर उफनते नाले को पार कर शिक्षा हासिल करने के लिए थल्ली स्कूल पहुंच रहे हैं। विद्यार्थियों को यहां थल्ली नाला पार करना पड़ रहा है जो खतरे से खाली नहीं है, यहां अभी तक पुली का निर्माण नहीं हो पाया है। जरा सी बारिश होने पर नाले का जलस्तर बढ़ जाता है। ऐसे में विद्यार्थियों की परेशानियां बढ़ जाती हैं। स्कूल पहुंचने के लिए कोई अन्य रास्ता नहीं है। अभिभावकों की मानें तो यहां पुली का निर्माण होता है तो विद्यार्थियों को काफी राहत मिलेगी। जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत गडफरी से करीब दो सौ बच्चे रोजाना पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला थल्ली पहुंच रहे हैं मगर थल्ली नाला बच्चों की परीक्षा ले रहा है।
बरसात के मौसम में बच्चों को आवाजाही करने में काफी दिक्कतें आती हैं पेश
ग्राम पंचायत गडफरी के प्रधान लाल दीन मलिक, लतीफ मोहम्मद, वार्ड पंच सरताज मोहम्मद, सतीश कुमार, राहुल कुमार, अमर सिंह, सुनील कुमार, देविया राम का कहना है कि बरसात के मौसम में बच्चों को आवाजाही करने में दिक्कतें पेश आ रही हैं। उन्होंने बताया कि इस मार्ग पर पुली का निर्माण करने की मांग वे कई बार उठा चुके हैं मगर अभी तक कोई सकारात्मक पहल नहीं हो पाई है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि इस नाले पर समीप पुली का निर्माण किया जाए। लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता सुनील कुमार का कहना है कि यह मामला ध्यान में है। उन्होंने कहा कि बरसात के बाद इस बारे उचित योजना तैयार की जाएगी ताकि विद्यार्थी परेशान न हो।