गंभीर रूप से घायलों को हेलिकॉप्टर से मेडिकल कालेज चंबा पहुंचाया विश्वप्रसिद्ध मणिमहेश यात्रा से पैदल घर वापिसी के दौरान भरमौर मार्ग पर विभिन्न जगह...
गंभीर रूप से घायल दो श्रद्धालु किए एयरलिफ्ट
गंभीर रूप से घायलों को हेलिकॉप्टर से मेडिकल कालेज चंबा पहुंचाया
विश्वप्रसिद्ध मणिमहेश यात्रा से पैदल घर वापिसी के दौरान भरमौर मार्ग पर विभिन्न जगह पत्थर लगने से गंभीर रूप से घायल दो श्रद्धालुओं को सोमवार शाम को भरमौर से हेलिकाप्टर के माध्यम से एयरलिफ्ट करके मेडिकल कालेज चंबा पहुंचाया गया है। इनमें गंभीर रूप से घायल महिला श्रद्धालु को प्राथमिक उपचार के बाद परिजन पठानकोट ले गए हैं। जानकारी के अनुसार चंबा-भरमौर मार्ग पर सोमवार को यह श्रद्धालु पारिवारिक सदस्यों संग पैदल घर को लौट रहे थे। इस दौरान भरमौर मार्ग पर विभिन्न जगहों पर पहाडी से लुढके पत्थरों की चपेट व ढांक से गिरने से तीन मणिमहेश श्रद्धालु घायल हो गए हैं। इनमें पंजाब के गुरदासपुर की पूजा पत्नी राजन कुमार सिर पर पत्थर लगने और बिहार का मनोज कुमार टांगों में पत्थर लगने से घायल हुआ। इन दोनों को हेलिकाप्टर के माध्यम से जिला मुख्यालय चंबा पहुंचाया गया। सोमवार शाम को हेलीकाप्टर के माध्यम से इन दोनों को एनएचपीसी के करियां स्थित हेलीपैड लाया गया। जहां एंबुलेंस के माध्यम से मेडिकल कालेज में पहुंचाया गया।
क्या बोले उपायुक्त
उपायुक्त मुकेश रेप्सवाल ने बताया कि सोमवार को गंभीर रूप से घायल दो मणिमहेश श्रद्धालुओं को भरमौर से हेलीकाप्टर के माध्यम से एयरलिफट करके मेडिकल कालेज चंबा पहुंचाया गया है। उन्होंने बताया कि इनमें गंभीर रूप से घायल महिला श्रद्धालु को उच्च स्वास्थ्य संस्थान रेफर कर दिया गया है।
मणिमहेश श्रद्धालु ढांक से गिरकर घायल
चंबा-भरमौर एनएच पर त्रिलोचन महादेव के समीप ढांक से मणिमहेश श्रद्धालु घायल हो गया। घायल की पहचान बिटू राम वासी गांव किहार के तौर पर की गई है। घायल को उठाकर लोगों ने उठाकर बग्गा तक पहुंचाया। जहां वाहन में डालकर मेडिकल कालेज में दाखिल करवाया गया। घायल की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।