रंगड-कुनेरा सडक़ पर खर्च होंगे 89 लाख

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने सोमवार को भटियात विधानसभा क्षेत्र की सीमावर्ती ग्राम पंचायत नगाली में 89 लाख रुपए की लागत से बनने वाले रंगड-कु...

रंगड-कुनेरा सडक़ पर खर्च होंगे 89 लाख

रंगड-कुनेरा सडक़ पर खर्च होंगे 89 लाख

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने सोमवार को भटियात विधानसभा क्षेत्र की सीमावर्ती ग्राम पंचायत नगाली में 89 लाख रुपए की लागत से बनने वाले रंगड-कुनेरा संपर्क मार्ग का विधिवत शिलान्यास किया। रंगड गांव में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सडक़ संपर्क सुविधा के विस्तार को विशेष महत्व देते हुए जून 2027 तक सभी गांवों को सडक़ सुविधा से जोडऩे का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि सडक़ों का निर्माण लोक निर्माण विभाग के माध्यम से करवाया जा रहा है, ताकि निर्धारित तकनीकी मानकों और गुणवत्ता के अनुरूप कार्य होने के साथ नियमित मरम्मत एवं रखरखाव भी सुनिश्चित किया जा सके। कुलदीप सिंह पठानिया ने बताया कि ग्राम पंचायत ढलोग, नगाली, बगढार, समलेउ, सुदली, मोरनू और टप्पर सहित अन्य क्षेत्रों में सडक़ सुविधा सुदृढ़ करने के लिए प्रस्तावित 18 परियोजनाओं में से 10 को वन अधिकार अधिनियम के तहत अनुमति मिल चुकी है। उन्होंने कहा कि वित्त वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तावित लोअर कंडेई-चुहन और समलेउ-निचला समलेउ संपर्क मार्गों का सर्वेक्षण पूरा कर लिया गया है। इनके निर्माण से संबंधित विभागीय औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। वहीं, बासा और भानू गांवों को सडक़ सुविधा से जोडऩे के लिए प्रस्तावित संपर्क मार्गों का सर्वेक्षण पूरा कर राजस्व संबंधी दस्तावेज तैयार किए जा रहे हैं। विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि नगाली-संजप संपर्क सडक़ के निर्माण के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना-4 के दूसरे बैच के तहत लगभग 19 करोड़ रुपये की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) स्वीकृति के लिए भेजी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के साकार होने से क्षेत्र की सडक़ संपर्क संबंधी समस्याओं का स्थायी समाधान होगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी गति मिलेगी। इस दौरान लोगों की समस्याएं भी सुनीं, उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए। ये-ये रहे मौजूद इस मौके पर पूर्व अध्यक्ष पंचायत समिति सुरेश कुमार शर्मा, ग्राम पंचायत प्रधान सीमा देवी, जिला परिषद सदस्य प्रदीप कुमार, अंशुल, उपमंडलाधिकारी अनिल, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता जीत सिंह, राजीव ठाकुर, वनमंडलाधिकारी डॉ. कुलदीप, खंड विकास अधिकारी अनिल गुराडा, अधिशासी अभियंता पंकज राठौर, नरेंद्र चौधरी और राकेश ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।