भाजपा महिला मोर्चा की जिला इकाई ने सोमवार को जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में 11 छात्राओं से जुड़े कथित यौन उत्पीडऩ के मामले को लेकर चंबा मुख...
चंबा में भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन
भाजपा महिला मोर्चा की जिला इकाई ने सोमवार को जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में 11 छात्राओं से जुड़े कथित यौन उत्पीडऩ के मामले को लेकर चंबा मुख्यालय में कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदेश भाजपा प्रवक्ता एवं डलहौजी के विधायक डीएस ठाकुर और जिला भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष कांता ठाकुर की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने नगर परिषद कार्यालय से मिलेनियम गेट तक रैली निकाली। इस दौरान कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी की गई और मिलेनियम गेट के पास राहुल गांधी तथा मणिपुर के सांसद प्रोफेसर आंगोमचा बिमोल अकोइजम के पुतले फूंके गए। प्रदर्शनकारियों ने संबंधित सांसद के खिलाफ कार्रवाई करने और उन्हें कांग्रेस से निष्कासित करने की मांग उठाई। डीएस ठाकुर ने कहा कि यदि शिक्षण संस्थानों में बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं है, तो वे सुरक्षित कहां होंगी? माता-पिता अपनी बेटियों को बेहतर भविष्य की उम्मीद के साथ विश्वविद्यालयों में भेजते हैं। ऐसे में छात्राओं से जुड़े कथित यौन उत्पीडऩ के मामले को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह केवल एक संस्थान का मामला नहीं, बल्कि बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और शिक्षण संस्थानों की जवाबदेही से जुड़ा सवाल है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के अधिकारों और सम्मान की बात करने वाले राहुल गांधी को भी इस मामले पर अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए। उनके अनुसार, संबंधित सांसद के विरुद्ध शिकायतों और विश्वविद्यालय की कार्रवाई के बाद कांग्रेस नेतृत्व को पार्टी स्तर पर उठाए गए कदमों की जानकारी देनी चाहिए। डीएस ठाकुर ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा कोई राजनीतिक नारा नहीं, बल्कि गंभीर सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कांग्रेस से इस मामले में अपनी स्थिति स्पष्ट करने और जवाबदेही तय करने की मांग की। ये-ये रहे मौजूद प्रदर्शन में भाजपा जिला अध्यक्ष धीरज नरियाल, भरमौर के विधायक डॉ. जनक राज, सदर विधानसभा क्षेत्र की पूर्व भाजपा प्रत्याशी नीलम नैयर, पूर्व विधायक पवन नैयर, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जय सिंह, करियां वार्ड के जिला परिषद सदस्य राज सिंह ठाकुर, करियां मंडलाध्यक्ष विनायक रैणा, दिनेश शर्मा और पूर्व जिला परिषद सदस्य सीमा नरयाल सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। महिला सम्मान पर दोहरा रवैया बर्दाश्त नहीं जिला भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष कांता ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सांसद को राहुल गांधी और कांग्रेस का संरक्षण मिल रहा है। उन्होंने कहा कि बेटियों के सम्मान और सुरक्षा के मुद्दे पर दोहरा रवैया बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नारी सम्मान सर्वोपरि है और न्याय के लिए आवाज बुलंद की जाती रहेगी। उन्होंने संबंधित मामले में कार्रवाई और कांग्रेस नेतृत्व की जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग उठाई।