एसपी ऊना ने पुलिस लाइन झलेड़ा में जिले के एक एएसआई को लाइन हाजिर किया है। दरअसल एएसआई ने 376 के मामले में पीड़िता महिला पर डरा-धमकाकर दबाव बनाया कि वह...
रिश्वत मांगने के आरोप में एसपी ने एएसआई किया लाइन हाजिर
एसपी ऊना ने पुलिस लाइन झलेड़ा में जिले के एक एएसआई को लाइन हाजिर किया है। दरअसल एएसआई ने 376 के मामले में पीड़िता महिला पर डरा-धमकाकर दबाव बनाया कि वह अपने गहने वापस न मांगे। महिला के चाचा सास-ससुर के कहने पर एएसआई ने ऐसा करने के बदले 15 हजार रुपये की मांग की। इतना ही नहीं, इस मसले में पीड़ित महिला के अदालत में 164 के तहत बयान तक दर्ज हुए हैं। विजिलेंस विभाग के हत्थे इस घटनाक्रम के ऑडियो सहित अन्य रिकॉर्ड चढ़े हैं।
इसके बाद एएसआई को रंगेहाथ पकड़ने के लिए विजिलेंस विभाग ने जाल बुना, लेकिन वीवीआईपी मूवमेंट के चलते व्यस्त होने की सूरत में कुछ भी हाथ नहीं लगा। फिर दोबारा से विजिलेंस विभाग ने ट्रैप तैयार किया, लेकिन ठीक समय पर एएसआई को पकड़ने से पहले ट्रैप लीक हो गया और उसे पकड़ने की योजना धरी की धरी रह गई। वहीं पुलिस अब विजिलेंस विभाग की सूचना लीक करने वाले की शिनाख्त में जुट गई है। दूसरी ओर विजिलेंस विभाग ने भी सारे तथ्य एसपी ऊना के समक्ष आगामी कार्रवाई के लिए पेश किए हैं। इस पर एसपी ऊना ने एएसआई को लाइन हाजिर कर दिया है और इस मसले से जुड़े तमाम दस्तावेज एकत्रित करने के बाद आगामी कार्रवाई अमल में लाने की तैयारी की जा रही है। एसपी ऊना सचिन हिरेमठ का कहना है कि ऊना जिला के एक एएसआई को शिकायत के आधार पर लाइन हाजिर कर दिया है। इस मसले में आगामी कार्रवाई जारी है। जल्द ही रिपोर्ट में सारे साक्ष्य जुटाने के बाद आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।